होम
›
गया
›
Big breaking 2.91 करोड़ की साइबर ठगी से जुड़े 47 सिम कार्ड बरामद, गया पुलिस ने साइबर अपराधी को दबोचा
Big breaking 2.91 करोड़ की साइबर ठगी से जुड़े 47 सिम कार्ड बरामद, गया पुलिस ने साइबर अपराधी को दबोचा
Category: गया | Date: 05 Jul 2026 | 👁️ Views: 35
गया। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले की साइबर थाना पुलिस और साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, बिहार पटना की संयुक्त टीम ने करीब 2.91 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) एजेंट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के पास से 47 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि इन सिम कार्डों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में निवेश (इन्वेस्टमेंट) के नाम पर साइबर ठगी की गई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने डोभी थाना क्षेत्र के अमारूत गांव में छापेमारी कर आरोपित गौतम कुमार, पिता दीपक दास, निवासी अमारूत, थाना डोभी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
एनसीआरपी पोर्टल के विश्लेषण में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार, चार जुलाई 2026 को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, बिहार, पटना की ओर से साइबर थाना गया को सूचना मिली थी। एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज इन्वेस्टमेंट स्कैम की शिकायतों के विश्लेषण में पता चला कि देश के विभिन्न राज्यों से दर्ज 22 साइबर शिकायतों में कुल 2 करोड़ 91 लाख 18 हजार 286 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन सभी मामलों में इस्तेमाल किए गए 11 संदिग्ध मोबाइल नंबर एक ही पीओएस एजेंट के माध्यम से जारी किए गए थे। तकनीकी जांच में इनका संबंध गया जिले से जुड़ा मिला।
तकनीकी जांच के बाद अमारूत गांव पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया, जिसमें पीओएस एजेंट की पहचान डोभी थाना क्षेत्र के अमारूत गांव निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई।
इसके बाद साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, बिहार पटना और साइबर थाना गया की संयुक्त टीम ने गांव में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक युवक घर से भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गौतम कुमार के रूप में बताई।
47 सिम कार्ड बरामद, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 47 सिम कार्ड बरामद किए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को उपलब्ध कराने में किया जाता था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने सिम कार्ड जारी किए गए और उनका उपयोग किन-किन राज्यों में साइबर अपराध के लिए किया गया।
साइबर अपराधियों पर जारी रहेगा अभियान
गया पुलिस ने बताया कि जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि निवेश, शेयर ट्रेडिंग, मुनाफे का झांसा या किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लालच में आकर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
←
Previous News
→
गया में चौंकाने वाली चोरी, किसानों के खेतों में लगे 5 ट्रांसफार्मर की कर ली चोरी.
Next News
समर कैंप, शांति निकेतन एकेडमी के सभी शाखाओं में समर कैंप 2026 का हुआ सफल समापन, बच्चों ने बहुत चीजे सीखे और खूब उठाया लुफ्त
🔥 Recent Top 5 News