बेगूसराय में तीन थाना प्रभारी की मौत, गया में भी मातम पसरा
Category: गया | Date: 12 Jun 2026 | 👁️ Views: 79
बिहार पुलिस महकमे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों और एक चालक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बेगूसराय में एनएच-31 पर तेज रफ्तार कार एक ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि चारों की जान चली गई। पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीन थाना प्रभारी और एक चालक की मौत हो गई। मृतकों में रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और चालक नीरज कुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सभी अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एक ही वाहन से मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में थाना प्रभारी नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमर और चालक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल साजन पासवान को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडे और कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एक साथ तीन थाना प्रभारियों और एक चालक की मौत से बिहार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक अधिकारियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस विभाग अपने कर्मठ अधिकारियों को खोने के गम में डूबा हुआ है।
पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे पुलिस अधिकारियों का सफर मौत का सफर बन गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है।
←
Previous News
→
गयाजी में झाड़ू दुकान में लगी भीषण आग 10 लाख से भी ज्यादा जलकर झाड़ू जलकर राख, फायर ब्रिगेड के तत्परता से बड़ी घटना होने से बची
Next News
सड़क दुर्घटना में घायल छात्र को एंबुलेंस से लाया जा रहा था अस्पताल,रास्ते में खराब हुआ एम्बुलेंस,छात्र की मौत
🔥 Recent Top 5 News