जंगल में तस्करो ने छिपा कर रखा था ऐसा नशीला पदार्थ, पुलिस के भी उड़ गए होश
Category: गया | Date: 17 May 2026 | 👁️ Views: 308
शेरघाटी से राहुल कुमार
बाराचट्टी थाना क्षेत्र के गुलरटांड गांव के समीप घने जंगलों में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा की बड़ी खेप बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष तलाशी अभियान चलाकर करीब 151 किलोग्राम डोडा बरामद किया। हालांकि कार्रवाई के दौरान किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, लेकिन सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में खलबली मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 मई 2026 को 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, गया के उप कमांडेंट (कार्यवाहक कमांडेंट) श्री अबनीश यादव के मार्गदर्शन में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान में जिला पुलिस गया की बाराचट्टी थाना पुलिस भी शामिल रही। गुप्त सूचना मिली थी कि गुलरटांड क्षेत्र के जंगलों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
ई-समवाय धनगई के सहायक कमांडेंट श्री सनोज राज के नेतृत्व में एसएसबी जवानों और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने जंगलों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों तक चले अभियान के दौरान जंगल के भीतर संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। इसी क्रम में छिपाकर रखे गए 151 किलोग्राम डोडा को बरामद किया गया।
बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य सुराग मिल सकें। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मादक पदार्थ की यह खेप अवैध कारोबार के उद्देश्य से जंगलों में छिपाकर रखी गई थी।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती एवं जंगल क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
बरामद किए गए प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए बाराचट्टी थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा तस्करों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे ।
←
Previous News
→
पांच राज्यों में चुनाव खत्म, वसूली शुरू _ कॉंग्रेस
Next News
खड़ी ट्रक में घुसी मछली लदी पिकअप, खलासी की मौत
🔥 Recent Top 5 News